8_1664670290

Bhaskar: अमेरिका के 100 से ज्यादा शहरों में दशहरे की धूम:सरकारें फंड कर रहीं, 40 शहरों में अक्टूबर को हिंदू विरासत माह घोषित किया गया

पहली बार अमेरिका के 100 से ज्यादा शहरों में दशहरा मनाया जा रहा है। जैसे-जैसे भारतीयों की आबादी दुनिया के दूसरे देशों में बढ़ रही है, भारतीय उत्सव भी वहां धूमधाम से मनाए जाने लगे हैं। अमेरिका के लगभग हर बड़े शहर में रामलीला का आयोजन हो रहा है। पहले भारत से रावण के पुतलों का आयात किया जाता था, लेकिन अब अमेरिका में भी पुतलों को बनाया जा रहा है।

40 शहरों ने अक्टूबर को हिंदू विरासत माह किया घोषित
अमेरिका के लगभग आधे राज्यों और 40 शहरों ने अक्टूबर को हिंदू विरासत माह घोषित किया। इस बार नवरात्र, दशहरा, दुर्गापूजा और दिवाली जैसे महत्वपूर्ण पर्व इसी महीने में पड़ रहे हैं। अमेरिका में रह रहे हिंदुओं के वहां के विकास में योगदान को देखते हुए कई राज्यों ने यह फैसला लिया है।

आने वाली पीढ़ी को राम-सीता के बारे में बताया जा रहा
इंडो-एशियन फेस्टिवल ग्रुप की चेयरपर्सन चंचल गुप्ता कहती हैं, अमेरिका में जन्मे हमारे बच्चे नहीं जानते कि राम और सीता कौन थे। हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से रूबरू कराना चाहते हैं। इसलिए अपने त्योहार आयोजित कर रहे हैं। अमेरिका में भारतीय त्योहार बड़े स्तर पर मनाए जाने लगे हैं। राज्य और शहर की सरकारें इन्हें फंड करने लगी हैं।

सरकार कर रही हैं फंडिग

कई कंपनियां भी इन त्योहारों को स्पॉन्सर कर रही हैं। न्यू जर्सी दशहरा को राज्य सरकार का संस्कृति विभाग वित्तीय मदद करता है। न्यूयॉर्क लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, हॉलीडेइन व आईसीआईसीआई बैंक भी आर्थिक मदद दे रही हैं। टेक्सास, ओहियो, न्यू जर्सी, पेंसिल्वेनिया जैसे शहर और राज्य भी दशहरा आयोजन को आर्थिक सहायता कर रहे हैं। न्यू जर्सी में मनाया जाने वाला दशहरा देश में सबसे बड़ा होता है।

यहां अमेरिकी भारतीयों की सबसे बड़ी आबादी रहती है। इस बार पपायनी पार्क में 1 अक्टूबर को इस दशहरे का आयोजन 1 बजे से रात 8 बजे तक किया गया। यहां रामलीला के साथ दूसरे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। यहां दिल्ली की तर्ज पर मीना बाजार लगा।

रावण के 6 पुतले बनाए गए
दशहरे का आयोजन 8 अक्टूबर को न्यू जर्सी और 9 अक्टूबर को न्यूयॉर्क में होगा। अमेरिका में रावण के पुतले बनाने वाले कलाकार कृष्णा सिंघल कहते हैं, इस बार में मैंने रावण के 6 पुतले बनाए। इससे पहले तक सिर्फ 1 बनाता था।

8 महीने पहले से होती है रामलीला की तैयारी
रामलीला के लिए रंगमंच की सामग्री तो अमेरिका में ही तैयार होती है, लेकिन वेशभूषा भारत से लाई जाती है। रामलीला को कोरियोग्राफ करने वाली वर्षा नायक कहती हैं, हर साल रामलीला के दर्शक बढ़ते जा रहे हैं। लोग घंटों का सफर तय करके लीला देखने आते हैं। इसलिए तैयारी भी उसी हिसाब से करनी पड़ती है। हफ्तों-हफ्तों रिहर्सल चलती है। कई बार भारत आना-जाना होता है। इसलिए 8 महीने पहले से ही तैयारी शुरू हो जाती है।

Source :  https://www.bhaskar.com/international/news/for-the-first-time-in-more-than-100-cities-of-america-dussehra-is-being-celebrated-130389398.html